छिबरामऊ। क्षेत्र के ग्राम नगला तिजू में स्थित प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को लैपटॉप से शिक्षा देकर उनको निपुण बनाया जा रहा है। बच्चे भी उत्सुकता के साथ लैपटॉप से शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
विगत दिनों से बेसिक शिक्षा विभाग अपने विद्यालयों में बच्चों को निपुण बनाने के लिए निपुण भारत कार्यक्रम के तहत बच्चों के अधिगम स्तर को उच्चीकृत कर रहा है। इसी उद्देश्य के साथ छिबरामऊ ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय नगला तिजू में अध्यापकों ने बच्चों को निपुण बनाने के लिए लैपटॉप से बच्चों को पढ़ाना शुरू किया है। प्रधानाध्यापक शैलेंद्र दुबे ने बताया कि विद्यालय में बच्चों के अधिगम स्तर को बढ़ाने व शिक्षण कार्य को मनोरंजन बनाकर तत्परता से कार्य किया जा रहा है। अधिकांश बच्चे निपुण हो चुके हैं व अन्य बच्चों को भी जल्द से निपुण करने का लक्ष्य तय किया गया है।
इस कार्य में विद्यालय में कार्यरत शिक्षक आदित्य कुमार, शिवकुमार, आकांक्षा, प्रमोद कुमार व स्नेहलता का महत्वपूर्ण योगदान है। अभिभावकों की सक्रियता से भी बच्चे अब अधिक से अधिक संख्या में विद्यालय में उपस्थित हो रहे हैं।