छिबरामऊ। श्री गंगेश्वरनाथ मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन राजीव दुबे तथा समिति के अन्य सदस्यों ने अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। साथ ही, उन्होंने अत्यधिक व्यस्तता का हवाला देते हुए समिति को भंग करने की सिफारिश की है। पूर्व चेयरमैन ने बताया कि व्यस्तता के चलते वह समिति के कार्यों का सही ढंग से संचालन और देख-रेख नहीं कर पा रहे हैं। इसी कारण उन्होंने स्वेच्छा से अध्यक्ष पद से त्यागपत्र देने और समिति को भंग करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि समिति को भंग किए जाने को लेकर अन्य सदस्यों को भी कोई आपत्ति या एतराज नहीं है। समिति के महामंत्री स्वतंत्र गुप्ता सहित अन्य सदस्यों के सहमति संबंधी शपथ पत्र भी दिए गए हैं। बताया कि बैंक में जमा धनराशि मंदिर में हो रहे निर्माण में खर्च कर दी जाएगी। उन्होंने उपनिबंधक से समिति के पंजीकरण को जल्द से जल्द समाप्त करने की गुहार लगाई है।