कन्नौज। अपहरण और दुष्कर्म के मामले में दो साल से फरार चल रहे दो आरोपियों के घर की पुलिस ने कुर्की करने की तैयार शुरू कर दी है। कोर्ट से जारी धारा 82 के नोटिस को पुलिस बल की मौजूदगी में आरोपियों के घर पर चस्पा किया गया।
मामले की विवेचना कर रहे एसआई अरविंद कुमार ने बताया कि 2022 में हुए नाबालिग के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में सदर कोतवाली के कपूरापुर निवासी अरुण कुमार व कानपुर नगर के चौबेपुर थाना क्षेत्र के वसैन निवासी छोटू उर्फ छोटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। आरोपी वारदात के बाद से फरार चल रहे हैं।
कोर्ट के आदेश पर जारी हुई धारा 82 की नोटिस को आरोपियों के घर चस्पा किया गया है। पुलिस की ओर से बताया गया कि दोनों आरोपी आपस में मौसेरे भाई हैं। अगर आरोपियों ने जल्द आत्मसमर्पण नहीं किया तो कोर्ट से आदेश मिलने के बाद कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।