कन्नौज। घास लेने गई प्रेमिका की हत्या को अंजाम देने वाले युवक की कोर्ट ने रिमांड मंजूर कर ली। आज पुलिस सुबह 10 बजे जिला जेल से रिमांड पर लेकर हत्या में प्रयुक्त हुई खुर्पी बरामद करेगी।
तालग्राम थाना के चांदापुर गांव में रहने वाली राजवती पत्नी महावीर का औरैया के अजीतमल थाना क्षेत्र के गांव डेरा बंजारा हुकुमपुर सापर निवासी विनोद बंजारा से प्रेम-प्रसंग चलता था।
बच्चों के कारण राजवती ने विनोद के साथ दिल्ली जाने का विरोध किया था। इससे विनोद कुमार आक्रोशित हो उठा था। 31 अक्तूबर को राजवती जंगल में मवेशियों के लिए घास लेने गई थी। इस दौरान विनोद कुमार ने खुर्पी से राजवती की हत्या कर दी थी।
तालग्राम पुलिस ने हत्यारोपी विनोद को रिमांड लेने का प्रार्थना पत्र दिया था। अधिवक्ता रविंद्र पचौरी ने बताया कि सीजेएम कोर्ट ने सोमवार सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक पुलिस को हत्यारोपी विनोद कुमार को रिमांड पर रखने की अनुमति दी है।