कन्नौज। वोटर लिस्ट से बिना किसी सूचना के नाम काट देने की शिकायत अब जल्द ही दूर होगी। बीएलओ अब बिना नोटिस जारी किए किसी का नाम लिस्ट से नहीं हटा सकेंगे। इसके अलावा नए मतदाताओं को उनका वोटर कार्ड डाक के माध्यम से डाकिया घर तक पहुंचाएगा।
कलक्ट्रेट में बुधवार की शाम हुई बैठक के दौरान डीएम शुभ्रांत शुक्ला ने निर्वाचन आयोग की ओर से जारी निर्देश को साझा किया। उन्होंने ताया कि बिना नोटिस के मतदाता सूची से नाम नहीं काटा जाएगा। ऐसे में सावधानीपूर्वक काम करें। समस्या लापरवाही से होती है। मनमाना काम करना बंद करें। उन्होंने कहा कि इस बार भारत निर्वाचन आयोेग के निर्देशानुसार पोस्टमैन की मदद से नए मतदाताओं को मतदाता कार्ड घर-घर उपलब्ध कराया जाएगा। कहा कि मतदाता सूची में मृतक, अनिवासित मतदाताओं को नोटिस प्राप्त होने के बाद नाम हटा जाएंगे। डाटा डिलीशन की समीक्षा के लिए कमिश्नर स्तर के अधिकारी को प्रेक्षक बनाया जाएगा। निर्वाचन महत्वपूर्ण काम है, इसे सावधानीपूर्वक कार्य करें। बीएलओ, सुपरवाइजर मनमाना तरीके को छोड़कर, निष्ठापूर्वक काम पर फोकस करें। 18 वर्ष की उम्र पूरी कर रहे युवओं का फार्म-6 भराकर नामांकन कराएं। इससे मतदान प्रतिशत बढ़ेगा। मतदान केंद्रों को बदलने के लिये भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें। 70 वर्ष से अधिक आयु वाले मतदाताओं का घर-घर शत-प्रतिशत सत्यापन करें। जनसेवा केन्द्रों पर फार्म 6,7, व 8 को भरवाने की जानकारी दी जाए। सभी बीआरसी केंद्र अपडेट होकर काम करें। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष सिंह, सभी एसडीएम, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बिनीत कटियार व सभी तहसीलदार व नायब तहसीलदार मौजूद रहे।
.....................................