कन्नौज। ठठिया थाना में छात्रा संग हुई वारदात को लेकर परिजनों की ओर से बार-बार दुष्कर्म के बाद हत्या की बात कही जा रही थी, लेकिन पुलिस दुष्कर्म से इंकार कर रही थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक लैब में जांच का हवाला देकर पहले तो दुष्कर्म की रिपोर्ट भी दर्ज नहीं की। सिर्फ हत्या और सुबूत मिटाने की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। ऐसे में सोमवार को छात्रा के परिजन एसपी दफ्तर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा किया। दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज करने पर सवाल खड़ा किया। आखिरकार सोमवार की शाम होते-होते ठठिया पुलिस ने दोनों आरोपियों वकील व आसिफ के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की धारा में भी रिपोर्ट दर्ज कर ली। बाकायदा इसका प्रेस नोट भी जारी किया गया। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार के आरोप के आधार पर रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस अभी भी फॉरेंसिक लैब की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। उसी रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच और कार्रवाई की जाएगी।