तालग्राम। दंगा भड़काने का मास्टर माइड हिस्ट्रीशीटर पूर्व प्रधान की संपत्ति की पड़ताल पुलिस ने दोबारा नए सिरे से शुरू की है। ग्राम पंचायत तालग्राम देहात इलाके में कब्जा की गई जमीन तलाशी जा रही है। इसके लिए पुलिस समेत राजस्व विभाग की टीम लगी है।
तोताराम शर्मा वर्ष 2005 से 2015 के बीच लगातार दो बार प्रधान रहा था। इसके बाद सीट रिजर्व हुई तो पत्नी उमा शर्मा पति के बाद वर्ष 2021 तक प्रधान रही। आरोप है कि इस कार्यकाल में अपने पद का इस्तेमाल करके सरकारी जमीनों पर कब्जा किया है। पहले पुलिस को इन जमीनों के बारे में मालूम नहीं चला, लेकिन अवैध रूप से सरकारी जमीन पर बनी दुकान और मकान का पता चला था। इस कारण बुलडोजर चला था। वह इन दिनों जलालाबाद के अनौगी स्थित जेल में है। थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा के मुताबिक पहले से ही अवैध कब्जा और संपत्ति की जांच चल जा रही है।
मंदिर में मांस रखने और दंगा भड़काने का है आरोपी
तालग्राम देहात ग्राम पंंचायत के पूर्व प्रधान तोताराम शर्मा ने रसूलाबाद शिव मंदिर में मवेशी के अवशेष रखाने और 16 जुलाई की सुबह दंगा भड़काने का मास्टर माइड आरोपी है। आरोप है उन्होंने इंस्पेक्टर हरिश्यामसिंह को हटवाने के लिए अपने साथी चंचल त्रिपाठी, संदीप कुमार, मंसूर और अकरम के साथ षडयंत्र रचा था।
हिस्ट्रीशीट और गैंगस्टर के तहत हो चुकी कार्रवाई
पुलिस ने हिस्ट्रीशीट खोलने के साथ ही गैंगस्टर की कार्रवाई की थी। इसके बाद उसके खिलाफ पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए तालग्राम इंदरगढ़ रोड पर सरकारी जमीन पर बनी दुकान और मकान पर बुलडोजर चलवा कर जमींदोज किया, लेकिन अभी भी कब्जे में कई एकड़ सरकारी जमीन हैं। उसने रिश्तेदारों और चहेतों को अवैध पट्टा कराकर बिक्री कर अवैध कमाई की। अब शिकायतें आने पर एसपी ने नए सिरे से आंकलन करने के लिए थाना प्रभारी को निर्देशित किया है।