तिर्वा। क्षेत्र में 11 दिन पूर्व हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया। घटना में शामिल तीन आरोपियों को पुलिस ने पकड़कर न्यायालय में पेशकर जेल भेज दिया है।
तारा हेल्थ फ़ूड प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में एरिया सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत ठठिया थाना क्षेत्र के सदले पुर्वा गांव निवासी प्रदीप के साथ 11 दिन पूर्व ठठिया क्षेत्र के वीरमपुर गांव के पास एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड पर तीन बदमाशों ने जेब में पड़े 23 हजार रुपये नकद, छह ब्लैंक चेक, मोबाइल समेत पांच एटीएम कार्ड छीन लिए और बाइक की चाबी निकाल ली थी।
पुलिस ने सोमवार की मुखबिर की सूचना पर घटना में शामिल कोतवाली क्षेत्र के बलनपुर गांव निवासी साजन 26, महेंद्र 27 व कस्बा के बौद्ध नगर निवासी प्रदीप कुमार को खैरनगर गांव में स्थित शिव मंदिर के पास दबोच लिया।
तलाशी के दौरान एक तमंचा, घटना में इस्तेमाल की गई बाइक समेत 3800 रुपये बरामद हुए। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेशकर जेल भेज दिया है।