गुरसहायगंज। रोडवेज बस में यात्रा कर रहे यात्री को जहरखुरानी गिरोह ने नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद नकदी और सामान लूट लिया। बेहोशी की हालत में चालक और परिचालक ने यात्री को सड़क किनारे फेंक दिया। इससे उसके सिर में चोट लग गई। स्थानीय लोगों ने गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया।
छिबरामऊ कोतवाली के गांव करमुल्लापुर निवासी रवींद्र कुमार दिवाकर दिल्ली में एक प्राइवेट फैक्ट्री में नौकरी करता है। शुक्रवार की शाम वह आनंद विहार से रोडवेज बस से करमुल्लापुर के लिए चला था। रास्ते में जहरखुरानी गिरोह ने नशीला पदार्थ खिला कर उसे बेहोश कर दिया। इसके बाद नकदी, मोबाइल और सामान लूट लिया।
शनिवार की सुबह कस्बे सराय प्रयाग के पास बस चालक और परिचालक सड़क किनारे रवींद्र कुमार को फेंक दिया। इससे उसके सिर में भी चोट लग गई। बेहोशी की हालत में घायल पड़े रवींद्र को स्थानीय लोगों ने सीएचसी में भर्ती कराया। यहां गंभीर हालत देखकर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
रवींद्र कुमार के पड़ोसी पूर्व प्रधान आत्माराम ने बताया कि वह दिल्ली में नौकरी करता है। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि बस से बेहोशी की हालत में यात्री को फेंकना गलत है। लिखित शिकायत मिलने पर जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं एआरएम सुदेश निगम ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी। बस से यात्री को फेंकने वाले चालकों और परिचालकों पर कार्रवाई की जाएगी।