कन्नौज। जनपद के पात्रों को अब जल्द ही प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का लाभ मिलेगा। एक महीने के अंदर ही लक्ष्य बढ़ गया है। दिसंबर 2022 के लक्ष्य 1653 को संशोधित कर 6388 हो गया है। 1141 लाभार्थियों के बैंक खातों में पहली किस्त का कुल चार करोड़ 56 लाख 40 हजार रुपये भी भेज दिया गया है।
ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक लाभार्थी को कुल 1.20 लाख रुपये दिए जाते हैं। पहली किस्त 40 हजार रुपये, दूसरी 70 और तीसरी किस्त 10 हजार रुपये की दी जाती है।
सीडीओ आरएन सिंह ने बताया कि जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में अब तक 25,605 लोगों को आवास दिए जा चुके हैं। करीब छह हजार लोग आवास के लिए लाइन में लगे हैं, जिनकी पात्रता की जांच होना बाकी है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2021-22 में आवास का लक्ष्य 3696 था, जिसके सापेक्ष सभी स्वीकृत हो गए है। सभी को पहली किस्त दे दी गई है। दूसरी किस्त 3684 लाभार्थियों के खातों में भेजी जा चुकी है, जिसमें 3673 आवास पूर्ण हो गए हैं।
कोट
अधिक से अधिक पात्रों को लाभ देने के लिए सरकार ने लक्ष्य बढ़ा दिया है। जनपद में करीब छह हजार लोग आवास के लिए रह गए हैं, उनकी जांच होने के बाद लाभ दिया जाएगा। एक साल में सभी पात्रों को पहली किस्त मिलने की उम्मीद है।
आरएन सिंह, सीडीओ