कन्नौज। नगर पालिका के नवीन परिसीमित क्षेत्र में सीमा विस्तार वाली 25 हजार की आबादी को पेयजल की सुविधा मिलेगी। प्रदेश सरकार ने 67 करोड़ रुपये की पेयजल परियोजना को मंजूरी दे दी है। इस योजना को अमृत भारत 2.0 के तहत यह मंजूरी मिली है। इससे क्षेत्र में 110 किलोमीटर पाइप लाइन बिछाने के साथ ही आठ नए नलकूप व ओवरहेड टैंक बनाए जाने की योजना है। पालिका ने स्थान का चयन भी कर लिया है।
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी श्यामेंद्र मोहन चौधरी ने बताया कि शासन को पेयजल परियोजना का प्रस्ताव भेजा गया था जिसके लिए मंजूरी मिल गई है। इससे पालिका के विस्तार वाले क्षेत्रों में पेयजल सुविधा को बेहतर किया जाएगा। संबंधित काम की जिम्मेदारी कार्यदाई संस्था जल निगम को सौंपी गई है।
ईओ ने बताया कि करीब 66 करोड़ 80 लाख रुपये की परियोजना के तहत 110 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछायी जाएगी। इसके साथ ही पांच ओवरहेड टैंक तथा आठ नवीन नलकूप लगाए जाएंगे। जगह चिन्हित की जा चुकी है और जल्द ही काम भी शुरू हो जाएगा। कहा कि इस कार्य के पूरा हो जाने के बाद नगर क्षेत्र में पानी की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।
पीएम ने किया वर्चुअल उद्घाटन
ईओ ने बताया कि गांधी जयंती के मौके पर बुधवार को परियोजना का उद्घाटन प्रधानमंत्री ने अन्य योजनाओं के साथ वर्चुअल तरीके से किया।
इन क्षेत्रों को मिलेगा लाभ
नगर पालिका के विस्तार वाले क्षेत्रों में सरायमीरा, चौधरियापुर, बलही, नसरापुर, मानपुर, सरायघाघ, जसौली, गदनपुर बड्डू आदि की 25 हजार की आबादी को इस परियोजना से आच्छादित किया जाएगा।