तिर्वा (कन्नौज)। ठठिया क्षेत्र के कस्बे निवासी के तीन संस्थानों में एक साथ वाणिज्यकर की एसआईबी इटावा व जीएसटी टीम की संयुक्त जांच से क्षेत्र में खलबली मची रही। टीम ने बुधवार को 10 घंटे तक अभिलेखों की जांच की। अभिलेखों में दर्ज स्टॉक के मिलान से मौके पर स्टॉक कम मिलने पर टीम ने 56.78 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। जुर्माना की रकम को मौके पर ही जमा करवा।
ठठिया में बुधवार की देर रात तक जांच पड़ताल के दौरान गहमागहमी रही। दिन में लोगों ने अपनी-अपनी दुकान बंद कर दी थी। जांच में कमी मिलने पर टीम ने जुर्माना वसूल किया था। इस बारे में इटावा जीएसटी विभाग के अपर आयुक्त ग्रेड (प्रभार) ओमप्रकाश चौबे ने बताया कि विभाग के सॉफ्टवेयर में कंपनी हाई रिस्क के दायरे में दिखने पर ठठिया क्षेत्र में संचालित जेडी पॉलीमर कंपनी की निगरानी शुरू कर दी गई। तथ्य मिलने के बाद बुधवार को तीन प्रवर्तन टीम ने चेकिंग की।
उन्होंने बताया कि संचालित कंपनी के मालिक शैलेंद्र अग्निहोत्री के नाम पर तीन फर्म का रजिस्ट्रेशन है। अभिलेखों की जांच में अनियमितता पाई गई। अभिलेखों में दर्ज स्टॉक मिलान करने पर मौके पर स्टॉक कम पाया गया। उन्होंने बताया कि फर्म का टैक्स भी जमा न होने पर फर्म संचालक पर 56.78 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। मौके पर ही टैक्स जमा करवा गया। उन्होंने बताया कि यह इस वित्तीय वर्ष की सबसे बड़ी रिकवरी है। टीम में एसआईबी ज्वाइंट कमिश्नर एके बनर्जी, डिप्टी कमिश्नर धीरज कुमार, असिस्टेंट कमिश्नर चरण सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।