छिबरामऊ। सौरिख थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में हुई पेंटर की मौत के मामले में पीएम रिपोर्ट में सिर में चोट लगने के कारण मौत होने की पुष्टि हुई है। वहीं दूसरी तरफ हत्यारोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजनों में आक्रोश व्याप्त है।
थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी पेंटर सूरज (37) पुत्र दुर्जन लाल सोमवार को गांव में ही संजीव के घर आयोजित तेरहवीं संस्कार में दावत खाने गया था। तभी गांव के गिरेंद्र, राम सिंह व हुसेपुर करन निवासी महेश व मुकेश ने पेंटर को शराब पिला दी। उसके बाद दावत खाने पहुंचे और यहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इन लोगों ने लाठी-डंडे व धारदार हथियारों से पेंटर पर हमला बोल दिया। पिटाई में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल पेंटर अपनी पत्नी विमला के साथ बाइक से दवाई लेने जा रहा था। सकरावा रोड पर नरहा पुलिया के पास हालत बिगड़ने पर सूरज की मौत हो गई थी। उसके बाद पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने इन लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव को पीएम के लिए भेज दिया था। थानाध्यक्ष सचिन कुमार सिंह ने बताया कि पीएम रिपोर्ट में सर में चोट लगने के कारण मौत होने की पुष्टि हुई है। उसी आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं दूसरी तरफ रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई न होने से मृतक के परिजनों में काफी आक्रोश है।