तिर्वा। खेत में लगी धान की फसल में सोमवार रात को आग लग गई, जिससे फसल जलकर राख हो गई। पीड़ित किसान ने तहसील प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।
थाना इंदरगढ़ के गांव त्रिलोकपुर के मजरा कलशान निवासी मनीष ने बताया कि उसकी आर्थिक स्थिति काफी खराब है। परिवार के पालन पोषण के लिए क्षेत्र के लेलेपुर गांव में खेत बटाई पर लिया था। उसने कड़ी मेहनत कर धान की फसल पैदा की थी। धान की फसल को काटकर उसने सूखने के लिए एक जगह एकत्र कर दिया था। सोमवार की रात अचानक खेत से धुआं उठता देख वह मौके पर पहुंचा तो देखा कि धान की फसल जल रही थी। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक धान की फसल राख हो गई। मौके पर पहुंचे लेखपाल ने रिपोर्ट बनाकर तहसील प्रशासन को भेज दी है।