कन्नौज। एक मुश्त समाधान योजना 31 दिसंबर को समाप्त हो गई है। कन्नौज डिवीजन में अब तक मात्र 12,300 बकायेदारों ने बिजली का बिल जमा कर दिया है। अभी भी 70 हजार से अधिक बकायेदारों ने बिल नहीं जमा किया है। नये साल में बिजली विभाग अभियान चलाकर बकाया वसूलेगा।
कन्नौज डिवीजन में 83 हजार से अधिक बकायेदारों पर करीब 202 करोड़ रुपये का बिजली बिल बकाया था। सरकार ने एक मुश्त समाधान योजना के तहत बकायेदारों को सरचार्ज में छूट दी थी। अब तक 12,300 बकायेदाराें ने 13 करोड़ रुपये जमा कर दिया है। अभी भी 70 हजार से अधिक उपभोक्ताओं पर करीब 189 करोड़ रुपये बकाया हैं।
अधिशासी अभियंता मगन सिंह ने बताया कि कन्नौज डिवीजन के करीब 70 से अधिक बकायेदारों पर विभाग का 189 करोड़ रुपया का बकाया है। अब बकायेदारों के कनेक्शन काटने की कार्रवाई की जाएगी।
चोरी के 245 मामले निपटे
एक मुश्त समाधान योजना में बिजली चोरी में पकड़े गए लोगों को भी लाभ दिया गया। कन्नौज डिवीजन में करीब 1240 बिजली चोरी के मामले थे, जिसमें 245 लोगों ने 40 लाख रुपये जुर्माना जमा कर दिया और 995 लोगों ने योजना में रुचि नहीं दिखाई। अब विभाग इनके विरुद्ध भी कार्रवाई शुरू करेगा।