कन्नौज। अब तक जो भी किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ नहीं ले सके हैं, उनके लिए एक बार फिर से मौका आया है। शासन के निर्देश के तहत 22 मई से विशेष अभियान की शुरुआत होगी। 10 जून तक जिले के अलग-अलग हिस्सों में कैंप लगाया जाएगा। इसमें इसमें कृषि विभाग के कर्मचारी घर-घर दस्तक देंगे। छूटे हुए किसानों को सम्मान निधि के दायरे में लाया जाएगा।
किसान सम्मान निधि के लिए लगने वाले कैंप के तहत विभाग की ओर से सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। उप निदेशक कृषि आर के वर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ छूटे किसानों को लाभान्वित करने को जिले में 22 मई से अभियान शुरू हो रहा है। इसमें विभाग के कर्मचारी घर-घर जाकर उन किसानों की सूची तैयार करेंगे जो किसी कारण से इस योजना में शामिल नहीं हैं। इसके लिए डीएम की ओर से ग्राम पंचायत वार कार्ययोजना तैयार की है। उसी के मुताबिक ग्राम पंचायत की खुली बैठक में ग्राम पंचायत विकास अधिकारी, लेखपाल, कृषि विभाग के कर्मचारी, सीएससी संचालक, पोस्ट ऑफिस के प्रतिनिधि सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक मौजूद रहेंगे।
सबसे पहले भवानीसराय में दो दिन लगेगी चौपाल
तालग्राम। पीएम किसान सम्मान निधि से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराने के लिए लाभार्थी संतृप्तीकरण अभियान की शुरुआत सोमवार से की जाएगी। तालग्राम ब्लॉक के भवानीसराय में दो दिन चौपाल लगा कर किसानों की समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। कृषि तकनीकी सहायक प्रबंधक शिवपाल सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत स्तर पर सोमवार से शुक्रवार सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक चौपालों का आयोजन किया जाएगा। एक गांव में दो दिन चौपाल आयोजित की जाएगी। इस दौरान राजस्व विभाग, ग्राम्य विकास और पंचायती राज विभाग सहित कृषि विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम का नोडल कृषि विभाग होगा। तालग्राम क्षेत्र के भवानीसराय में 22-23 मई, पुखरावां 24-25, गदोरा 26-27, टिकरी कलसान 29-30, ताहपुर 31 मई और एक जून, तिलकसराय में दो और तीन जून, सकरवारा बगुलिहाई में पांच और छह जून, पनगंवा में सात और आठ जून, रसूल्पुर में नौ से 12 जून, बिरौली 13-14, तिसौली 15-16 जून को चौपालों का आयोजन होगा।