छिबरामऊ। यूपी बोर्ड की परीक्षा देकर लौट रहे इंटरमीडिएट के छात्रों की बाइक सामने से आ रहे डंपर से भिड़ गई। हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे घायल छात्र को इलाज के लिए सौ शैया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया।
छिबरामऊ ग्राम खल्ला रुपमंगदपुर निवासी हृदेश दुबे का पुत्र मृदुल दुबे (17) जनता इंटर काॅलेज में इंटरमीडिएट का छात्र था। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए उसका सेंटर उधरनपुर स्थित एसएसडी इंटर काॅलेज में गया था। गुरुवार को पड़ोसी गांव नौगाई निवासी अजय (19) पुत्र बृजमोहन के साथ दूसरी पाली का पेपर देने के लिए गया था। पेपर छूटने पर दोनों छात्र बाइक से लौट रहे थे।
फर्रुखाबाद रोड स्थित फौजी कैंटीन के सामने फर्रुखाबाद की तरफ से आ रहे डंपर और बाइक सवार छात्रों की आपस में भिड़त हो गई। हादसे में मृदुल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। मौजूद लोगों ने एंबुलेंस बुलाकर घायल अजय को सौ शैया अस्पताल भिजवाया। हादसे की सूचना पर मृदुल के परिजन अस्पताल पहुंच गए। उधर दूसरी तरफ मौके से भागे डंपर चालक को ग्रामीणों ने उधरनपुर पुल के पास पकड़कर वाहन समेत पुलिस के हवाले कर दिया।
इनसेट...
तिलक लगाकर भेजा था, क्या पता था लौटकर नहीं आएगा बेटा
मृदुल की मां शम्मी दुबे समेत अन्य परिजनों का अस्पताल में रो रोकर बुरा हाल था। रोते-रोते मां ने बताया कि अच्छे पेपर की कामना के लिए तिलक लगाकर भेजा था। क्या पता था कि वह घर वापस हीं नहीं लौटेगा। पिता हृदेश का भी हाल बेहाल था। वह खेती करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। दो बेटों में मृदुल सबसे बड़ा था। छोटा पुत्र हर्षित भी पढ़ाई कर रहा है।