सौरिख। सकरावा थाने से दो किलोमीटर दूर बाइक सवार बदमाशों ने लूट की घटना अंजाम देकर पुलिस के सामने चुनौती पेश कर दी है। दिनदहाड़े हुई लूट से सनसनी फैल गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
सकरावा कस्बा निवासी रामवृक्ष बस स्टाॅप के पास किराना स्टोर की दुकान किए हैं। दुकान पर ही कस्बे का लखमी काम करता है। पैसे के लेनदेन के लिए अक्सर लखमी दूसरी दुकानों पर जाता था। सोमवार को दुकानदार रामरतन और लखमी एक लाख रुपये लेकर उधारी के रुपये देने के लिए टेंपो से सौरिख स्थित किराना स्टोर पर जा रहे थे। टेंपो में लखमी और रामरतन के अलावा स्कूली छात्राएं भी बैठी थीं।
रामरतन के अनुसार नकदी लखमी के पास थी। सकरावा थाने से लगभग दो किलोमीटर आगे पुलिस की वर्दी में एक युवक बाइक से आया। दूसरा साथी सादे कपड़े में था। दोनों ने टेंपो रुकवाते हुए ओवरलोड सवारियां होने की बात कहते हुए लखमी को नीचे उतरवा दिया। आरोप है कि टेंपो जाने के बाद कुछ दूर पैदल चलने पर दूसरी बाइक से आए बदमाशों ने लखमी को रोककर उससे रुपये छीनने लगे।
विरोध करने पर मारपीट करते हुए जेब में ब्लेड से कट मारकर रुपये छीन लिए और बाइक से फरार हो गए। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए। दुकानदार ने पुलिस को तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष शशिकांत कनौजिया ने बताया कि मामला टप्पेबाजी का है। जांच की जा रही है। दुकानदार के बताए हुलिए के अनुसार लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।