कन्नौज। सराफ की दुकान से लाखों के जेवर व नकदी की लूट के आरोपी दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। बदमाशों के पास से जेवर व एक लाख पांच हजार रुपये, एक बाइक, तमंचा, तीन कारतूस बरामद हुए हैं।
छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला तिवारियान निवासी रामजी वर्मा उर्फ अनिल की सिंकदरपुर बजरिया रोड पर सराफ की दुकान है। 17 अक्तूबर की शाम रामजी दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे थे। अकबरपुर गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनसे लूटपाट की थी। बदमाश 20 लाख रुपये के जेवर व नगदी लूट ले गए थे। लूटकांड में शामिल बदमाश कानपुर नगर के पनकी थाना क्षेत्र के रतनपुर कॉलोनी निवासी दीपक कश्यप को पुलिस ने रविवार रात गांव कुंवरपुरजनु में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। दीपक के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, उसका दूसरा साथी कानपुर जिले के सचेती थाना के कटाेरा गांव निवासी लवकुश को दोपहर बाद पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर लिया।
एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि गांव कुंवरपुरजनु में रात के समय चेकिंग चल रही थी। बाइक से दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखे। उन्हें रोकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगे और पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गया। बदमाश ने पूछताछ में 17 अक्तूबर को हुई लूट की घटना में संलिप्त होने की बात कबूली है।
बदमाशों का आपराधिक इतिहास
एसपी ने पुलिस लाइन सभागार में खुलासा करते हुए बताया कि दीपक कश्यप पर प्रयागराज, कानपुर नगर, हरदोई, लखीमपुर खीरी और कन्नौज थाने में आर्म्स एक्ट, हत्या, गैंगस्टर, विस्फोटक अधिनियम समेत 26 मामले दर्ज हैं। वहीं लवकुश पर घाटमपुर थाना, आगरा, मथुरा, कन्नौज समेत 12 मामले दर्ज हैं।