तिर्वा। अनियंत्रित कार की टक्कर से वृद्ध की मौत हो गई। पुत्र की तहरीर पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
ठठिया थाना क्षेत्र के बदलेपुर्वा गांव निवासी रामसेवक (50) खेतीबाड़ी करते थे। पुत्र मनोज गौतम ने बताया कि मंगलवार की शाम पिता खेत जा रहे थे। ठठिया- सुर्सी मार्ग पर चंदौली गांव के सामने पहुंचे तो ठठिया की ओर से तेज रफ्तार से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में पिता की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मौत की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष संजय शुक्ला ने बताया कि कार को कब्जे में लेकर चालक अन्नू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।