संवाद न्यूज एजेंसी
कन्नौज। महिलाओं के बीच मारपीट के दौरान नवजात के सिर में डंडा लग गया। इससे नवजात बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पिता ने पड़ोसी महिला पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की है।
कलक्ट्रेट के पास रंगियनपुरवा में गुरुवार शाम सात बजे अमित कुमार की पत्नी बबली का पड़ोसी महिला से विवाद हो गया। इससे महिला ने परिवार की महिलाओं के साथ दरवाजे पर बैठी बबली पर डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान गोद में बबली की एक माह की बच्ची के सिर में डंडा लग गया और वह घायल हो गई। अमित ने नवजात को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां इलाज के दौरान रात तीन बजे नवजात ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
नवजात के पिता अमित ने पड़ोसी महिला और उसके परिवार के चार लोगों पर हत्या की तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की है। सदर कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया कि मारपीट के दौरान नवजात जमीन पर गिर गई। इससे घायल होकर मौत हो गई। पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
-
एक साल से चल रही रंजिश में चली गई नवजात की जान
रंगियनपुर्वा निवासी अमित कुमार गोल कुआं पर गन्ने के जूस की ठेली लगाता है। पड़ोसी परिवार से एक साल से रंजिश थी। दोनों पक्षों के बीच कोर्ट में मारपीट का मुकदमा चल रहा है। आखिरकार गुरुवार को हुई एक बार मारपीट में अमित कुमार की बच्ची की मौत हो गई।