सुबह मंदिर पहुंचे लोगों ने नजारा देख जताया आक्रोश
पुलिस ने जांच शुरू की, मंदिर के बाहर सुरक्षा बल तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
जलालपुर पनवारा। अराजक तत्वों ने मंदिर में भगवान के कैलेंडर जलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। सुबह जले कैलेंडर देखकर भक्तों में आक्रोश पनप गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की है। सुरक्षा के लिहाज से मंदिर के पास पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
सदर कोतवाली के गांव बछज्जापुर में बेचेलाल ने 2019 में वक्ष राजेश्वर महादेव मंदिर का निर्माण कराया था। शुक्रवार की रात गांव में नव निर्मित एक मंदिर में भजन-कीर्तन चल रहा था। इस दौरान अराजक तत्व वक्ष राजेश्वर महादेव मंदिर के अंदर घुस गए और कैलेंडरों को उतारकर आग लगा दी। सुबह जब लोग मंदिर में पूजा करने पहुंचे तो राख और कई अधजले कैलेंडर देखे। इससे भक्तों में आक्रोश पनप गया और मौके पर भीड़ जुट गई। जानकारी मिलते ही जलालाबाद ब्लॉक प्रमुख प्रतिभा दोहरे के पति अवनीश मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह और जलालपुर पनवारा चौकी प्रभारी दीपक शुक्ला ने निरीक्षण कर छानबीन शुरू की। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले अराजकतत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।