छिबरामऊ। नगर के फर्रुखाबाद चौराहे पर साइड न देने के विवाद में दो पक्षों के युवक आपस में भिड़ गए। तिर्वा विधायक के भतीजा ने एक युवक को सरेआम थप्पड़ जड़ दिया। मारपीट देख लोग भागने लगे। सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मियों के साथ भी युवकों ने हाथापाई की।।
फर्रुखाबाद चौराहे पर एक लेन से दूसरी लेन पर मुड़ते समय बोलेरो में सवार तिर्वा के भाजपा विधायक कैलाश राजपूत का भतीजा अमन राजपूत की दूसरी साइड से आ रहे बाइक सवार युवक से नोकझोंक हो गई। कुछ ही देर में दोनों पक्षों से कई युवक मौके पर पहुंच गए। गाली-गलौज के साथ मारपीट शुरू हो गई। उपद्रव से चौराहे पर जाम लग गया। इसी बीच चीता मोबाइल पुलिस मौके पर पहुंच गई। विवाद शांत करने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि विधायक के भतीजा ने पुलिस कर्मियों से भी हाथापाई कर दी। पुलिस से हाथापाई की सूचना पर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। उसके बाद एक पक्ष ने कोतवाली पहुंचकर कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी। वहीं दूसरे पक्ष के लोग इलाज के लिए सौ शैया अस्पताल पहुंच गए। मामला सत्ता पक्ष एक विधायक से जुड़ा होने के कारण सरेशाम भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस घटना को पुलिस नकार रही है। विधायक की ओर से भी इस पर कोई सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया गया है।
कोतवाल संतोष कुमार कुशवाह ने बताया कि विधायक के भतीजे व नगर के एक युवक के साथ फर्रुखाबाद चौराहे पर विवाद हो रहा था। मौके पर पहुंचे चीता मोबाइल के सिपाहियों ने विवाद को शांत करने का प्रयास किया। न मानने पर सिपाहियों ने मारपीट का विवाद का वीडियो बनाने लगा। इसी वजह से पुलिस कर्मियों के साथ कहासुनी भी हुई। रंगदारी वसूलने का आरोप भी लगाया जा रहा है। जबकि ऐसी कोई बात नहीं हुई, पुलिस कर्मियों ने विवाद को शांत कराने का प्रयास किया था।
पुलिस पर लगाया आरोप
विधायक के भतीजा ने पुलिस कर्मियों पर लगाए रंगदारी व मारपीट के आरोप लगा 40 हजार रुपये की रंगदारी वसूलने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि रुपये देने से मना करने पर पुलिस कर्मियों ने उसके रिश्तेदार समेत अन्य लोगों के साथ भी मारपीट कर दी। पिटाई उसके एक रिश्तेदार की स्थिति गंभीर है। उसे इलाज के साथ सौ शैया अस्पताल में भर्ती कराया है। हालत में सुधार होने के बाद पुलिस को मामले की तहरीर दी जाएगी।