कन्नौज। कांग्रेसियों ने भारत सरकार और अदाणी समूह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जनता का एलआईसी और एसबीआई में निवेश डूबने की चर्चाओं के बीच जिला कांग्रेस कमेटी ने धरना दिया। साथ ही सीबीआई जांच की मांग भी रखी।
भारतीय स्टेट बैंक शाखा मकरंद नगर के सामने सोमवार को धरने के दौरान प्रदेश सचिव विजय मिश्र ने कहा कि मोदी सरकार की गलत नीतियों के कारण देश का आम नागरिक काफी परेशान है। सरकार ने अदाणी समूह में एलआईसी व एसबीआई जैसी सरकारी संस्थाओं में जोखिम भरे लेनदेन से निवेशकों का रुपया डूब रहा है। कांग्रेस निष्पक्ष तरीके से सीबीआई जांच की मांग करती है।
जिलाध्यक्ष दिनेश पालीवाल ने कहा कि जब तक सीबीआई जांच नहीं होती, तब-तक कांग्रेस इसका विरोध करती रहेगी। इस मौके पर अविनाश दुबे, अरविंद दुबे, तारिक वशीर, किरन वर्मा, रीना वर्मा, रामभरोसे कमल, आकाश, वीर सिंह यादव, सरफराज खां, गंगा नरेश तिवारी व अशोक कनौजिया आदि लोग मौजूद रहे।