गुरसहायगंज। सांसद सुब्रत पाठक ने कस्बे सराय प्रयाग स्थित आंबेडकर पार्क पहुंचकर तीन दिन पहले बाबा भीमराव आंबेडकर की मूर्ति तोड़े जाने की घटना की जानकारी ली। उन्होंने इस घटना को निंदनीय बताया। पुलिस ने अब तक अलग-अलग छह युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। दरअसल क्षेत्र के कस्बा सराय प्रयाग की स्थिति आंबेडकर पार्क में स्थापित आंबेडकर प्रतिमा को शनिवार की रात अराजक तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर माहौल खराब करने की कोशिश की थी। घटना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने पहुंचकर किसी प्रकार लोगों को समझा उन्हें शांत किया था और नई मूर्ति मंगा कर पार्क के सुंदरीकरण का आश्वासन दिया था। इसी कड़ी में मंगलवार को सांसद सुब्रत पाठक ने घटनास्थल पर पहुंचकर समिति के अध्यक्ष दिनेश चंद से मामले की जानकारी ली। उन्होंने इस घटना की निंदा की। कहा कि ऐसी घटना को अंजाम देने वाले लोग समाज विरोधी हैं और ऐसे अराजक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की छानबीन चल रही है और जो भी इसमें दोषी होगा बख्शा नहीं जाएगा। जल्द ही घटना का खुलासा भी कर लिया जाएगा।