गुरसहायगंज। एचटी लाइन में फॉल्ट होने के कारण रविवार रात 12 बजे एक सैकड़ा से अधिक गांवों की बिजली गुल हो गई और सुबह आठ बजे बिजली सप्लाई शुरू हो सकी। बिजली गुल होने से बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा और लोग पीने के पानी तक के लिए भटकते रहे।
सरकार की ओर से बिजली उपकेंद्र को जर्जर लाइन बदलने के लिए करीब पौने दो करोड़ रुपये का बजट दिया है। जिसके बाद बिजली के तार बदलने का काम चल रहा है, लेकिन बावजूद इसके जर्जर तारों की वजह से अक्सर बिजली घंटों गुल रहती है। बिजली गुल होने से बोर्ड की परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। देर रात तक पढ़ाई करना और फिर सुबह जल्दी उठकर पढ़ाई करने वाले छात्र बिजली की आंख मिचौली से परेशान है।
रविवार रात करीब 12 बजे तिर्वा रोड पर एचटी लाइन में फाॅल्ट हो जाने से कस्बा सहित आसपास के करीब एक सैकड़ा गांव की बिजली गुल हो गई। सुबह करीब आठ बजे कर्मचारियों ने जब फाल्ट ठीक किया तो बिजली सप्लाई शुरू हो सकी। अधीक्षण अभियंता मधुप श्रीवास्तव ने बताया कि जर्जर तारों को बदलने का काम तेजी से चल रहा है। जल्द ही लोगों को बिजली गुल होने की समस्या से निजात मिलेगा।