कन्नौज जिले में विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में पारिवारिक बाबा ने छह वर्षीय पौत्री को ट्यूबवेल की कोठरी में बंद कर दुष्कर्म किया। परिवार के ही लोगों ने रंगे हाथों पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपी को पकड़कर थाने ले आई। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट लिखकर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
बताया जा रहा है कि यह घटना शुक्रवार की शाम की है। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी छह वर्षीय मासूम घर के पास ही खेल रही थी। उसी समय परिवार का बाबा (75) उसे बहला-फुसलाकर खेतों में बने ट्यूबवेल की कोठरी में ले गया। यहां उसके साथ दुष्कर्म किया। चीखने की आवाज सुनकर उसके परिजन मौके पर पहुंच गए।
कोठरी का दरवाजा खुलवाकर मासूम को उसके चंगुल से छुड़ाया। परिजनों ने आरोपी को भी पकड़ लिया। घटना की जानकारी होते ही मौके पर गांव के लोगों की भीड़ जुट गई। इस बीच सूचना पाकर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई । आरोपी को पकड़कर थाने ले आई। इस संबंध में थानाध्यक्ष किशनपाल ने बताया कि आरोपी अविवाहित है। इससे पहले भी उसने गांव में इस तरह की घटना को अंजाम देने की कोशिश की थी। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर मासूम को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है।