तालग्राम। इलाके में अवैध बालू और मिट्टी खनन का काम जोरों से चल रहा है। रात के अंधेरे में जेसीबी से मिट्टी की खोदाई कर ट्रैक्टर ट्राली से खनन का खेल खूब फल फूल रहा है। अवैध खनन रोक पाने में पुलिस और खनन विभाग फेल साबित हो रहा है।
खनन माफिया पर नकेल कसने के लिए सरकार की सख्त चेतावनी के बावजूद अधिकारी तालग्राम क्षेत्र में अवैध खनन रोकने के लिए निष्क्रिय नजर आ रहे हैं। जिसके कारण बालू और मिट्टी का अवैध खनन लगातार बढ़ता जा रहा है। सरकारी नियमों के विपरीत सांठगांठ के खेल से खनन माफिया पूरी रात मिट्टी का खनन कर रहे हैं। खनन माफियाओं की ऊंची पहुंच और पुलिस व खनन विभाग की सांठगांठ भी उजागर हो रही है।
इन दिनों अमोलर ताहपुर क्षेत्र में सरकारी जमीनों, ईशन नदी के किनारे जमकर बालू व मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है। दर्जनों की संख्या में ट्रैक्टर ट्राली लगाकर मिट्टी खनन कर बेची जा रही है। हैरानी की बात है कि पुलिस चौकी, थाने के सामने से मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रालियां तेज रफ्तार से गुजरती रहतीं हैं। इसके बावजूद पुलिस और संबंधित अफसरों को खनन की भनक तक नहीं लग पा रही है। लोगों का मानना है कि अवैध मिट्टी खनन माफिया ऊंची पहुंच व पुलिस की साठगांठ से खनन को अंजाम दे रहे हैं। थाना प्रभारी पारुल चौधरी का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है। कहीं भी अवैध खनन नहीं होने दिया जाएगा।