पारा 42 पार, गर्मी से बुरा हाल
कन्नौज। गर्मी हर रोज अपने तेवर दिखा रही है। तपिश से इंसान ही नहीं, पशु-पक्षी भी बेहाल होने लगे हैं। दोपहर में लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। इन दिनों अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक जा रहा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 42.2 और न्यूनतम 23.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
ब्लॉक जलालाबाद क्षेत्र के अनौगी स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अमरेंद्र यादव ने बताया कि दिन में 15 से 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार हवाएं चलीं। दिन का तापमान 38 से 39 डिग्री सेल्सियस होना चाहिए, लेकिन वह 42 पार चला गया है। मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि गर्मी दिन प्रतिदिन बढ़ती ही जाएगी। धूप से खुद को और मवेशियों को भी बचाना होगा।
डॉक्टरों का कहना है कि पेय पदार्थ की मात्रा बढ़ा देनी चाहिए। शरीर में पानी की कमी गर्मियों में नहीं होनी चाहिए। सोमवार को दोपहर लोगों का बाहर निकलना बेहाल हो गया। तेज धूप से बाहर घूमने वालों का सिर चकराने लगा। कई मार्गों पर सन्नाटा दिखता रहा। सुबह-शाम ही लोग बाहर निकलने की आदत डाल रहे हैं।