तिर्वा। शादी के कुछ दिन बाद दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने विवाहिता को घर से निकाल दिया। पुलिस ने महिला की तहरीर पर पति समेत तीन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है।
तिर्वा कस्बे के दुर्गानगर निवासी रूचि देवी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि परिजनों ने पांच साल पहले सदर कोतवाली के सरायमीरा स्थित हरिशरणम गेस्ट हाउस के पास निवासी गौरव पांडे के साथ शादी की थी। परिजनों ने शादी में अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान दहेज भी दिया था। शादी के कुछ दिनों बाद पति गौरव, ससुर राजेश, सास सरिता ने दहेज में कार की मांग कर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
पिछले साल छह मार्च को पति ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। पांच जनवरी को परिजन ससुराल लेकर गए तो ससुरालियों ने दहेज में कार की मांग पूरी करने की बात कही। पिता ने मांग पूरी करने में असमर्थता जताई तो ससुरालियों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।