गुरसहायगंज। रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ जाने से एक युवक की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। सूचना पर पहुंचे परिजनों का रोकर बुरा हाल था।
गुरसहायगंज कस्बा के मोहल्ला पटेल नगर निवासी पप्पू का 23 वर्षीय पुत्र अरुण तीन पहिया वाला सामान ढोने वाला रिक्शा चलाता है। सोमवार की शाम करीब साढ़े पांच वह रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म से पश्चिम दिशा में बनी पुरानी माल गोदाम के सामने से रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी बीच कानपुर से कासगंज जा रही एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आ गया।
इस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। सूचना पर बाजार कस्बा के चौकी प्रभारी शशीकांत कनौजिया मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर सीएचसी पहुंचाया। जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। अचानक हुई इस घटना से उनका रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।