कन्नौज। इत्र पार्क निर्माण की हकीकत जानने के लिए राज्यमंत्री असीम अरुण ने कारोबारियों के साथ निर्माणाधीन पार्क का निरीक्षण किया। इस दौरान कारोबारियों ने राज्यमंत्री से पार्क में होटल और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण के बाद भूमि आवंटन की मांग की है।
आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ठठिया कस्बे के पास 30 करोड़ की लागत से इत्र पार्क का निर्माण कार्य चल रहा है। धीमी गति से पार्क का निर्माण होने से कारोबारियों में आक्रोश है। राज्यमंत्री असीम अरुण ने गुरुवार को इत्र एवं अतर एसोसिएशन अध्यक्ष पवन त्रिवेदी समेत अन्य कारोबारियों के साथ पार्क का दौरा कर निरीक्षण किया। कारोबारियों ने कहा कि पार्क का निर्माण 30 एकड़ में कराया जा रहा है। व्यापार के लिए यह जगह कम है इसका दायरा बढ़ाकर 50 एकड़ किया जाए। इसके साथ एक्सप्रेसवे कट, समतीकरण और नजदीक में पेट्रोल पंप की सुविधा मुहैया कराई जाए। राज्यमंत्री ने मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।