फोटो -16- रोते बिलखते मृतक के परिजन। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
तिर्वा। दूध डेयरी पर जा रहे लोडर ने साइकिल पर सवार किसान दंपती व बच्चे को टक्कर मार दी। हादसे में किसान के छह वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दंपती को मामूली चोट आईं है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के त्रिमुखा गांव निवासी मोतीलाल खेती करके परिवार का पालन पोषण करते हैं। शनिवार की सुबह 11 बजे वह साइकिल से पत्नी रामसखी व छह वर्षीय बेटे लवकुश के साथ खेतों में गाजर की खोदाई करने जा रहे थे। रामसखी बेटे को गोद में लेकर साइकिल पर बैठी थी। तभी रूपपुर गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे तेज रफ्तार लोडर ने साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में लवकुश की मौके पर ही मौत हो गई। मोलीलाल व पत्नी भी चुटहिल हो गए।
मोलीलाल ने राहगीर की बाइक से लोडर चालक का पीछा किया पर चालक लोडर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल दंपती को राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। लवकुश की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक डॉ. महेश वीर सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। लोडर चालक की तलाश कर कार्रवाई होगी।
--------------------------
तीन बहनों मे अकेला था लवकुश
त्रिमुखा निवासी मोतीलाल की तीन बेटी शांति, कीर्ति, सैंकी व एक बेटा लवकुश था। इसमें शांति व कीर्ति की शादी हो चुकी है। लवकुश तीन बहनों में अकेला भाई था। लवकुश की मौत से पूरा परिवार सदमे में है।