कन्नौज। जिला स्तरीय उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम बंधु की बैठक डीएम शुभ्रांत शुक्ल की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट के गांधी सभागार में हुई। डीएम ने कहा कि साप्ताहिक बंदी में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। आवश्यक सेवाओं को छोड़कर इसका अनुपालन सख्ती से कराया जाए।
डीएम ने बिजली विभाग को निर्देश दिए कि लाखन चौराहे के पास तारों की मरम्मत जल्द की जाए। तार इधर-उधर लटकने नहीं चाहिए और अंडरग्राउंड लाइन के कार्य को भी समय से किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत संबंधित विभाग बैंकों से मिलकर रोजगार के अवसर प्रदान करें।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने बताया कि साप्ताहिक बंदी में दुकानें, माॅल आदि खोले जाते हैं, जिससे व्यापार में काफी नुकसान होता है, जिस पर डीएम ने संबंधित को निर्देश देते हुए कहा कि पेट्रोल पंप, दवाई, आवश्यक सेवाओं को छोड़कर साप्ताहिक बंदी का पूर्णतया अनुपालन सुनिश्चित कराएं। किसी प्रकार की व्यवस्था नहीं बिगड़ना चाहिए और नियम कानून का पालन शत-प्रतिशत किया जाए। इस दौरान प्रभारी सीडीओ नरेंद्र देव द्विवेदी, जिला उद्योग केंद्र उपायुक्त धनंजय सिंह आदि संबंधित अधिकारी एवं व्यापारी मौजूद रहे।