कन्नौज। कलक्ट्रेट के गांधी सभागार में जनप्रतिनिधियों और अफसरों के बीच बैठक हुई। जिसमें बिजली की समस्या का मुद्दा छाया रहा। जनप्रतिनिधियों ने इसको लेकर नाराजगी जताई और जल्द समस्या को दूर कराने की बात कही।
समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण की अध्यक्षता में हुई बैठक में विधायक तिर्वा कैलाश राजपूत, विधायक छिबरामऊ अर्चना पांडेय के साथ ही सभी चेयरमैन व ब्लॉक प्रमुख, भाजपा जिलाध्यक्ष मौजूद थे। डीएम शुभ्रांत शुक्ल, सीडीओ राम कृपाल चौधरी के साथ ही अधीक्षण अभियंता मधुप श्रीवास्तव के साथ ही अधिशासी अभियंता कन्नौज व छिबरामऊ थे। बैठक शुरू होते ही बिजली की आवाजाही को लेकर जनप्रतिनिधियों ने विभाग के अफसरों पर नाराजगी जतानी शुरू कर दी।
सौरिख चेयरमैन राहुल गुप्ता ने अधिशासी अभियंता छिबरामऊ पर आरोप लगाते हुए कहा कि बिजली महज आठ से 10 घंटे ही मिल रही है। फोन करने पर अफसर जवाब तक नहीं देते हैं। आरोप लगाया कि बिजली विभाग के अफसरों की वजह से सरकार की छवि खराब हो रही है।छिबरामऊ चेयरमैन मनोज गुप्ता ने कहा कि बिजली की लाइन डालने और पोल लगाने के लिए गड्ढे खोदने से पहले पालिका से सामंजस्य नहीं बनाया जाता। इसकी वजह से कई बार पालिका की पानी की पाइप लाइनें क्षतिग्रस्त हो जाती हैं। जिससे लोगों के सामने पानी का संकट खड़ा हो जाता है। इस पर ईओ ने भरोसा दिया कि अब जब भी कहीं काम होगा तो पालिका से सामंजस्य स्थापित किया जाएगा।