छिबरामऊ। नगर के मोहल्ले सराफान निवासी मुकेश चंद्र पांडेय वरिष्ठ अधिवक्ता हैं। उनका सौरिख रोड पर ककरारी तालाब के पास अस्पताल निर्माणाधीन है। शनिवार की देर रात वह अस्पताल का काम बंद कराकर बाइक से घर वापस लौट रहे थे। तभी ककरारी तालाब के दूसरी तरफ से डिवाइडर को पार करते हुए तीन युवक आए। अधिवक्ता ने बताया कि एक युवक ने उनकी बाइक को हाथ देकर रुकने का इशारा किया पर उन्होंने आगे बढ़ाने का प्रयास किया तो तीनों युवकों ने उन पर हमला बोल दिया। युवकों ने उनकी जेब से 7200 रूपये छीन लिए। इसके बाद युवक ककरारी तालाब की तरफ भाग निकले। मामले की जानकारी पाकर प्रभारी निरीक्षक विष्णुकांत तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए और पीड़ित से वारदात की जानकारी ली। कई वकील भी मौके पर पहुंच गए और फिर पीड़ित के साथ कोतवाली आए। प्रभारी निरीक्षक विष्णुकांत तिवारी ने बताया कि मामला संदिग्ध है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि घटना की जांच के निर्देश कोतवाल को दिए गए हैं। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।