तिर्वा। राशन न मिलने की शिकायत करने पर एसडीएम के सामने कोटेदार के पति ने महिला पर जूता तान दिया। एसडीएम के निर्देश पर तत्काल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
तहसील में शनिवार को एसडीएम उमाकांत तिवारी फरियादियों की शिकायत सुन रहे थे। इस मौके पर ठठिया क्षेत्र के खानपुर गांव निवासी आगंनबाड़ी कार्यकर्ता कुसमा देवी ने प्रार्थना पत्र दिया। इसमें बताया कि राशन विक्रेता राजकुमारी के पति नारायन सिंह यादव बिना राशन दिए लौटा देते हैं। कई बार शिकायत करने पर अभद्रता की। इस पर एसडीएम ने तत्काल मोबाइल कराकर नारायन सिंह को तहसील में बुला लिया। इस दौरान शिकायत करने की जानकारी होते एसडीएम के सामने नारायन सिंह ने कुसमा देवी पर जूता तान दिया।
एसडीएम ने नारायन सिंह के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की। एसडीएम ने बताया कि राशन कोटा निरस्त करने के लिए डीएम को पत्र लिखकर भेजा गया है। आरोपी सात दिन तक एसडीएम कोर्ट में हाजिरी लगाएगा।