मानीमऊ क्षेत्र में ऋण का भुगतान नहीं करने पर कोटेदार का मकान सील कर दिया गया। इस कार्रवाई के लिए बैंक अधिकारी पुलिस बल के साथ पहुंचे थे। वहीं, ग्रामीणों के कहने पर रसोई घर और बाथरूम को पांच दिन तक खुला रहने की प्रशासन ने मोहलत दी।
कन्नौज जिले के मानीमऊ क्षेत्र में व्यापार के लिए गए ऋण को कोटेदार अदा नहीं कर सका। अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर कोटेदार के मकान को सील कर दिया। बैंक और प्रशासन की ओर से की गई कार्रवाई की लोगों में चर्चा में है।
विज्ञापन
सदर कोतवाली के उदैतापुर गांव निवासी उचित दर विक्रेता कोटेदार घनश्याम दुबे ने 2012 में हनुमंत मिनी एग्रो प्रोडक्ट के नाम से बैंक ऑफ इंडिया से 25 लाख का ऋण लिया था। बैंक की ओर से कई बार नोटिस जारी कर ऋण अदा करने को कहा था, लेकिन घनश्याम दुबे ने ऋण अदा नहीं किया।
बुधवार को सदर एसडीएम पवन कुमार मीना, एलडीएम एके सिन्हा, नायाब तहसीलदार भूपेंद्र विक्रम सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कोटेदार के मकान को सील कर दिया। इसके बाद अधिकारी कोटेदार घनश्याम दुबे को भी अपने साथ ले गए। ग्रामीणों के कहने पर रसोई घर और बाथरूम को पांच दिन तक खुला रहने की प्रशासन ने मोहलत दी।