कन्नौज। निकाय चुनाव के मतदान की तिथि नजदीक हैं, ऐसे में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में बुधवार को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शहर में आकर चुनावी सभा करेंगे। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी जिले के अलग-अलग जगह पर होने वाले कार्यक्रम में शामिल होंगे। इससे जिले का सियासी पारा आसमान पर चढ़ने लगा है।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का कार्यक्रम शहर के मकरंदनगर में विनोद दीक्षित अस्पताल के सामने स्थित एसबीएस कॉलेज ग्राउंड में होगा। उनके कार्यालय की ओर से जिला प्रशासन को दी गई जानकारी के मुताबिक वह बुधवार को अलग-अलग जिलों में जनसभा करने के बाद दोपहर बाद हेलीकॉप्टर से यहां पुलिस लाइन पहुंचेंगे। इसके बाद कार से सभा स्थल तक आएंगे। जनसभा को संबोधित करने के बाद हेलीकॉप्टर से ही वापस जाएंगे। बुधवार को ही प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी जिले में होंगे। उनकी ओर से किसी जनसभा की जानकारी नहीं दी गई है। उनके कार्यालय से जारी कार्यक्रम के मुताबिक वह वह जिले के अलग-अलग हिस्सों का दौरा करेंगे। वह सबसे पहले तालग्राम पहुंचेंगे। वहां से सिकंदरपुर जाएंगे। उसके बाद गुरसहायगंज पहुंचेंगे। तीनों जगह आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दोपहर बाद साढ़े तीन बजे जिला मुख्यालय स्थित पार्टी कार्यालय पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के आगमन को लेकर उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं व समर्थकों में उत्साह देखते ही बन रहा है।
- फोटो: 19-मंगलवार को नगर पालिका की टीम मकरंदनगर में मवेशी को पकड़ती दिखी। संवाद
डिप्टी सीएम की सभास्थल से पकड़े जा रहे मवेशी
कन्नौज। वैसे तो शहर में इधर-उधर मंडराने वाले बेसहारा मवेशियों की तरफ प्रशासन का ध्यान नहीं जाता है पर अब चुनाव आ गया है तो इस पर गंभीरता दिखाई जा रही है। बुधवार को शहर में मकरंदनगर स्थित एसबीएस कॉलेज ग्राउंड में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य की जनसभा से पहले सुरक्षा के इंतजाम पुख्ता किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में उस क्षेत्र में मंडराने वाले मवेशियों की धर-पकड़ शुरू हो गई है। मंगलवार को नगर पालिका की टीम ने उस इलाके में टहलने वाले मवेशियों को कैटल कैचर की मदद से पकड़ कर अलग-अलग गोशाला में पहुंचाया। पकड़ने से पहले बाकायदा उन्हें बेहोशी का इंजेक्शन लगाया गया। उसके बाद उन्हें मशक्कत से गाड़ी में लादकर वहां से हटाया गया। कर्मचारियों ने बताया कि जनसभा में किसी तरह की अनहोनी न हो, इसी के मद्देनजर एहतियातन इस तरह की तैयारी की जा रही है।