कन्नौज। चूड़ी कारोबारी की हत्या के मामले में पुलिस ने तीनों हत्यारोपियों को गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जेल भेज दिया है। हालांकि पुलिस अभी तक हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद नहीं कर पाई है।
सदर कोतवाली के गांव जलालपुर ठकुरन निवासी कैलाश राठौर (48) चूड़ी बेचते थे। 21 अगस्त की रात घर के बाहर चारपाई पर सोते समय कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर उसकी हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने भाई अरविंद की तहरीर पर जलालपुर सरवन निवासी सहलू, आयाज और सुरेंद्र उर्फ पप्पू पाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
हत्या के बाद से पुलिस इन तीनों से पूछताछ कर रही थी। गुरुवार को कैलाश के दोस्त तुकमान के आत्महत्या करने के बाद पुलिस पर हत्यारोपियों को बचाने और तुकमान को फंसाने का आरोप लगा था।
आरोपों से बचने के लिए शुक्रवार को पुलिस ने आयाज, सहलू और सुरेंद्र को जेल भेज दिया। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है। मामले की छानबीन जारी है। जल्द हत्या में प्रयुक्त हुई कुल्हाड़ी बरामद कर लिया जाएगा।
चूड़ी कारोबारी कैलाश राठौर की हत्या के बाद पुलिस की प्रताड़ना से तंग आकर उसके दोस्त तुकमान ने बुधवार की रात आत्महत्या कर ली थी। इसकी जानकारी होने पर सीतापुर के पूर्व विधायक राकेश राठौर सपा नेता नवाब सिंह यादव के साथ कैलाश के घर पहुंचे।
भाई अरविंद और अनिल को सांत्वना दी। पूर्व विधायक ने कहा कि पुलिस फर्जी ढंग से कैलाश के घर में रह रहे तुकमान केे फंसाना चाहती थी। इससे तुकमान ने आत्महत्या कर ली। प्रताड़ित करने वाले दरोगा पर अगर जल्द कार्रवाई न की गई तो आंदोलन करेंगे।