कन्नौज। चौथे चरण के लिए 13 मई को कन्नौज में होने वाले मतदान के दौरान भाजपा सांसद ने आतंकी गतिविधि की आशंका जताई है। सपा की ओर से चुनाव प्रचार के लिए यहां पहुंचे लोगों पर चुनाव के दौरान अशांति फैलाने, अराजकता फैलाने की आशंका जताते हुए उन्होंने डीएम को चिट्ठी लिखकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है। यह चिट्ठी सोशल मीडिया पर वायरल है।
भाजपा सांसद सुब्रत पाठक की ओर से डीएम को लिखी चिट्ठी में कहा गया है कि उनकी जानकारी में आया है कि चुनाव को प्रभावित करने के लिए कन्नौज में सपा की ओर से बड़ी संख्या में लोग बुलाए गए हैं। यह चुनाव को प्रभावित करने, अराजकता फैलाने और आतंकी गतिविधि को अंजाम देने के लिए बुलाए गए हैं। इसमें कई लोग विशेष समुदाय से हैं। कन्नौज लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्र में बाहर के अनेकों वाहन बड़ी संख्या में सक्रिय हैं। यह चुनाव को प्रभावित कर भारत के लोकतंत्र पर हमला करना चाहते हैं। सांसद की चिट्ठी पर डीएम शुभ्रांत शुक्ल ने बताया कि वाहनों की जांच के लिए उड़न दस्ता की टीम पहले से सक्रिय है। चुनाव करीब है तो जांच तेज कर दी गई है। सभी गाड़ियों की जांच के आदेश हैं। बाहर से जो लोग आए हैं, उन्हें 11 मई को चुनाव प्रचार खत्म होते ही जिले से बाहर करने का नियम है। उसके बाद भी कोई बाहरी दिखेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। अगर कोई प्रत्याशी जिले से बाहर का है तो वो और उसका चुनाव एजेंट ही चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद भी रह सकता है।