कन्नौज। हसेरन में अवैध नर्सिंग होम में जच्चा-बच्चा की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने तालग्राम में इसी नाम से चल रहे फर्जी नर्सिंगहोम को सील कर दिया। स्वास्थ्य अधिकारियों को आशंका है कि अभी और भी जिले में सांई नर्सिंगहोम की अवैध ढंग से शाखाएं चल रही हैं।
शनिवार की रात को कठेला गांव निवासी महेश्वरी देवी (28) पत्नी अशोक कुमार व उसके बच्चे की ऑपरेशन के दौरान खड़िनी रोड पर हसेरन में संचालित सांई नर्सिंग होम में मौत हो गई थी। दूसरे दिन रविवार को एसडीएम गरिमा सिंह ने नर्सिंगहोम को सील कर दिया था।
संचालक पवन कुशवाहा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। सोमवार के दूसरे दिन इसी फर्जी नर्सिंग होम की तालग्राम में संचालित सांई नर्सिंग होम को एसीएमओ डॉ. डीपी आर्या ने सील कर दिया।
सीएमओ डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि अभी तक सांई नर्सिंग होम के नाम फर्जी दो अस्पतालों को सील किया जा चुका है। कुछ कस्बों में और इसी नाम से फर्जी अस्पताल चलने की आशंका है। इससे टीम गठित कर ऐेसे फर्जी नर्सिंग होम की तलाश कर सील करने की कार्रवाई की जा रही है।