फोटो:26: तिर्वा में बनी पानी की टंकी। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
तिर्वा। खुद को आदर्श बताने वाली नगर पंचायत तिर्वागंज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी जैसे त्योहार पर भी टंकी से पानी की आपूर्ति नहीं कर सकी। कई मोहल्लों में दो दिन से पानी नहीं पहुंच रहा है। इससे करीब चार हजार लोग परेशान हैं। हैंडपंपों की भी कमी है। जो हैंडपंप लगे भी हैं, उसमें कई में बालू निकल रही है।
नगर पंचायत कार्यालय की माने तो जिस टंकी में दिक्कत आई है, उससे करीब चार हजार लोग जुड़े हैं। कस्बे के तीन मोहल्लों जवाहर नगर, शास्त्रीनगर, आजाद नगर व दुर्गानगर में नगर पंचायत की टंकी से सप्लाई होने वाला पानी 18 व 19 अगस्त को नहीं पहुंचा। शुक्रवार को भी सुबह कई हैंडपंपों पर लंबी-लंबी लाइनें लग गईं।
भीड़ की वजह से हैंडपंप कम पड़ गए। कुछ देर चलने के बाद ज्यादातर सरकारी हैंडपंप बालू देने लगे। हैंडपंप कम होने की वजह से बाल्टी लेकर नगरवासियों को पानी भरने के लिए दूर तक जाना पड़ा। नगर निवासी बंटी का कहना है कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी होने के बाद भी नगर पंचायत ने पानी सप्लाई नहीं किया। अनोखे लाल ने बताया कि पाइप से पानी न आने की वजह से उनको दूर से पानी भरकर लाना पड़ा। दूसरे दिन शाम को कुछ देर पानी दिया गया।
हर साल गर्मियों में पानी की दिक्कत से बचने के लिए हैंडपंप रिबोर होते हैं। खराब हैंडपंपों को सही करने का भी अभियान चलता है, लेकिन इस बार कई हैंडपंप सही नहीं हुए हैं। कई बालू दे रहे हैं, लेकिन नगर पंचायत की ओर से ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
पानी की टंकी की मोटर खराब हो गई है, जिस कारण यह दिक्कत आ रही है। मोटर सही कराने के लिए भेज दी गई है। जल्द ही सभी लोगों के घरों तक पानी पहुंचने लगेगा। -उमेश सिंह, अधिशासी अधिकारी।