फोटो:17: सर्किट हाउस में उद्यमियों के साथ बैठक करते उप मुख्यमंत्री। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। सर्किट हाउस में कारोबारियों और व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बैठक की। उन्होंने कहा कि यहां के इत्र को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने और कारोबार बढ़ाने की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने फूलों की खेती के बारे में भी जानकारी ली। साथ ही फूलों की खेती का रकवा बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। कन्नौज के अलावा बाहरी जिलों से भी फूल मंगाने की जानकारी इत्र कारोबारियों ने दी।
कलक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को हुई बैठक में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। निर्दोष को जेल न भेजा जाए। गोवंशों को पकड़कर आश्रयस्थल में रखने के निर्देश दिए। मोचीपुर में बीसी सखियों के 860 समूहों के लिए 51 करोड़ 60 लाख का प्रतीकात्मक चेक भी दिया। दो लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना की चाबी सौंपी।
100 दिन का काम पूरा करने पर सरोजनी व राकेश को सम्मानित किया गया। बीसी सखी रेनू पाल, विमला देवी को ई-पॉस मशीन दी गई। सुमन व शिवानी को स्वास्थ्य उपकरण और 11 दिव्यांगों को मोटराइज्ड साइकिल दी। मेडिकल कॉलेज में न्यूरो सर्जन तैनात करने के निर्देश दिए। योजना बनाकर किसानों को लाभ देने को भी उप मुख्यमंत्री ने कहा।
डिप्टी सीएम से पूर्व सदस्यीय क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्श दात्री समिति सदस्य राज शर्मा ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने ज्ञापन देते हुए गुरसहायगंज से अरौल रेलवे स्टेशन तक रैक प्वाइंट निर्माण की मांग की है। उन्होंने कहा कि रैक प्वाइंट बनने से जिले से आलू, इत्र से लेकर अगरबत्तियों को आसानी से गैर राज्यों में भेजा जा सकता है।