कन्नौज। शहर के बोर्डिंग मैदान में चल रहे राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट में गुुरुवार को कन्नौज और फर्रुखाबाद के बीच मुकाबला हुआ। बेहतर प्रदर्शन करते हुए कन्नौज टीम ने फर्रुखाबाद की टीम को चार रनों से पराजित कर दिया। उधर, शुक्रवार को कानपुर और कन्नौज टीम के बीच क्वार्टर फाइनल मुकाबला होगा।
स्वर्गीय ओमप्रकाश पाठक स्मृति राज्य स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट में टॉस जीतकर कन्नौज टीम ने पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। कन्नौज टीम ने निर्धारित 25 ओवरों में नौ विकेट पर 143 रन बनाए। इसमें पारस दुबे ने 38 रन, सजल सिंह ने 25 रन, अनमोल ने 22 रन बनाए। फर्रुखाबाद की ओर से गौरव और नितिन ने दो-दो विकेट लिए। इसके अलावा आशीष, अमन और राज हर्षित ने भी एक-एक विकेट लिया।
जवाब में खेलने उतरी फर्रुखाबाद की टीम 24.2 ओवरों में 139 पर सिमट गई। इसमें नितिन ने 33 रन, गौतम गुप्ता 19 रन और राज हर्षित ने 16 रन बनाए। कन्नौज की ओर से विशाल दुबे ने तीन विकेट, सजल सिंह ने दो विकेट लिए। विकास, सालिम और पारस दुबे ने एक-एक विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच संजल सिंह और विशाल दुबे को संयुक्त रूप से मिला। भाजपा नेता रामवीर कठेरिया ने मेडल देकर सम्मानित किया। इस मौके पर रितेश शर्मा, मोहम्मद अखलाक, आकाश मिश्रा, पवन त्रिवेदी, संजय सामवेदी, अब्दुल मालिक, ममतेश तिवारी और आनंद मिश्रा मौजूद रहे।