तिर्वा। कनौली-अगौस के वार्ड संख्या 47 में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के उपचुनाव में सुभाष चंद्र वर्मा ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सौरभ कुमार को 245 वोटों से हरा दिया। चार अन्य प्रत्याशियों की जमानत तक जब्त हो गई।
शुक्रवार को ब्लॉक उमर्दा सभागार में चली मतगणना में प्रत्याशी सुभाष चंद्र वर्मा को 541 वोट मिले। सौरभ को 296, प्रमोद कुमार को 54, सुभाष को 10, श्याम प्रकाश को आठ व अवधेश को एक ही वोट मिला। 53 वोट अमान्य घोषित किए गए।
निर्वाचन अधिकारी डॉ. संजय शल्या ने सुभाष चंद्र वर्मा को 245 वोटों से विजय घोषित करते हुए प्रमाण पत्र सौंपा। प्रत्याशी की जीत की खबर सुनते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। ब्लॉक पहुंचे लोगों ने फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। प्रत्याशी प्रमोद कुमार, सुभाष, श्याम प्रकाश, अवधेश की जमानत जब्त हुई। इस मौके पर विधायक कैलाश राजपूत, कोषाध्यक्ष विनोद गुप्ता, सौरभ पटेल व राहुल राजपूत समेत कई लोग मौजूद रहे।