तिर्वा। कोतवाली क्षेत्र के खखरियापुर गांव में शनिवार रात एक बंद मकान से चोर 60 हजार रुपये नकदी और करीब पांच लाख रुपये के जेवरात चोरी कर ले गए। रविवार सुबह घटना का पता चलने पर ग्रामीणों ने गांव के ही एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से चोरी के कुछ जेवरात बरामद हुए, जिसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया। पीड़ित हेमराज ने बताया कि उनके दो मकान आमने-सामने हैं। शनिवार रात वह परिवार के साथ दूसरे मकान में सो रहे थे। इसी दौरान चोरों ने पुराने मकान का ताला तोड़ दिया। हेमराज ने गांव के एक युवक पर चोरी का संदेह जताया था। ग्रामीणों ने उसे घटना से पहले मकान के आसपास कई बार घूमते देखा था। ग्रामीणों द्वारा पकड़े जाने के बाद युवक को पुलिस के हवाले किया गया। कोतवाल संजय शुक्ल ने बताया कि जांच के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।