कन्नौज। चोरों ने हार्डवेयर विक्रेता के घर को निशाना बनाया। मकान के दरवाजों में लगे ताले तोड़कर चोरों ने सात लाख के जेवर और 52 हजार की नकदी पार कर दी। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
शहर के मोहल्ला चौहट्टा निवासी नितेंद्र कुमार की हार्डवेयर की दुकान है। 28 जनवरी को वह फर्रुखाबाद के पैतृक गांव कंधरापुर में बेटे का मुंडन संस्कार कराने गए थे। घर की रखवाली के लिए टुइयांपुर्वा गांव निवासी एक जान-पहचान के व्यक्ति को छोड़ गए थे। शनिवार की रात घर मुख्य घर के कमरों का ताला तोड़कर चोरों ने सोने के दो हार, छह चूड़ी, आठ अंगूठी,एक मांग टीका, दो बच्चों की चेन, एक महिला चेन, एक मंगल सूत्र समेत सात लाख के जेवर और 52 हजार रुपये नकदी चोरी कर ली। रविवार सुबह घर में मौजूद युवक ने चोरी की सूचना दी। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। सदर कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन कर जल्द खुलासा किया जाएगा।