कन्नौज। त्योहार का मौका आते ही जहरखुरान गिरोह सक्रिय हो गया है। वह उन लोगों को अपना शिकार बना रहा है जो बड़े शहरों से कमा कर होली के मौके पर अपने घर वापस आ रहे हैं। सोमवार को ऐसा ही मामला सामने आया। अलग-अलग बसों से दिल्ली और नोएडा से वापस आ रहे चार लोगों को रास्ते में जहरखुरानों ने अपना शिकार बना लिया। उन चारों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिला अस्पताल में सोमवार को उस समय खलबली मच गई, जब एक-एक करके चार लोगों को जहरखुरानी का शिकार होने पर भर्ती कराया गया। चारों को बेहोशी की हालत में लाया गया। रोडवेज बस के स्टाफ ने उन्हें भर्ती कराया। चारों युवक होली के मौके पर अपने-अपने घर जा रहे थे। इनमें एक मैनपुरी के किशनी मनीगांव निवासी धर्मेंद्र पुत्र सुरेश चंद्र दिल्ली में सिलाई कारखाने में काम करता है।
रविवार को वह दिल्ली से रोडवेज बस से घर आने के लिए निकला था। रास्ते में जहरखुरान गिरोह का शिकार हो गया। मैनपुरी में नहीं उतरा। उसे बेहोश देखकर रोडवेज के स्टाफ ने यहां उतारा। उसके परिवार वालों ने बताया कि धर्मेंद्र होली और अपने साले की शादी में शामिल होने छुट्टी पर आ रहा था। उसके पास करीब 22 हजार रुपये थे। इसके अलावा मोबाइल और अन्य सामान था। सब कुछ लूट लिया गया।
इसी तरह कानपुर के रामादेवी निवासी पंकज पुत्र दयाशंकर नोएडा में निजी कंपनी में काम करता है। होली के लिए से वह रोडवेज बस से घर आ रहा था। रास्ते में जहरखुरानों ने शिकार बना लिया। कायमगंज के सिंघौली निवासी अरविंद कुमार आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा मंगलगिरि में कुल्फी बेचने का काम करता है।
रोडवेज बस से वह गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के बनियानी गांव में भांजे के अंतिम संस्कार में जा रहा था। रास्ते में जहरखुरानों ने अपना शिकार बना लिया। पास में रखे रुपये और सामान लूट लिया। इसी तरह बंदायू के मैथू निवासी फैसल को भी रोडवेज बस में जहरखुरानी ने शिकार बना लिया। इन सभी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।