कन्नौज। तपती दुपहरी, गर्म हवा के थपेड़ों और शिद्दत की गर्मी के बीच अपना जिला लोकतंत्र की परीक्षा में प्रथम श्रेणी में पास हो गया है। सुबह सात से शाम छह बजे तक हुई वोटिंग के दौरान जिले भर में 64.60 फीसदी वोट पड़े। जिले की तीन नगर पालिका और पांच नगर पंचायतों में शाम तक 64.60 फीसदी वोट पड़ा। इसमें सर्वाधिक समधन 75 फीसदी से अधिक रहा जबकि सबसे कम कन्नौज नगर पालिका 60.29 फीसदी मतदान रहा। इसके अलावा अन्य में 60 फीसदी से अधिक रहा।
नगर निकाय के पहले चरण के चुनाव के दौरान दूसरे जिलों में काफी कम मतदान हुआ था। कम मतदान ने प्रशासन की परेशानी बढ़ा दी थी। जागरूकता अभियान की कोशिश के बावजूद कम मतदान की आई खबर ने यहां सभी को पसोपेश में डाल दिया था। हालांकि प्रशासन के अलावा सामाजिक संगठन, शिक्षण संस्थान ने भी समय-समय पर लोगों को ज्यादा से ज्यादा वोटिंग करने की कारगर अपील की थी। वर्ष 2017 में हुई बंपर वोटिंग का भी हवाला दिया गया था। सभी की कोशिश का सार्थक नतीजा रहा कि दिन में गर्मी की वजह कर कुछ धीमा हुआ मतदान का ग्राफ शाम होते-होते तेज हो गया। तय समय पर वोटिंग प्रक्रिया पूरी होने तक अपना जिला 64.60 वोटिंग के साथ फर्स्ट डिवीजन से कामयाब हो गया।
-
अच्छी वोटिंग से चहका प्रशासनिक अमला
ज्यादा संख्या में हुई वोटिंग से प्रशासनिक अमला ने राहत की सांस ली है। सभी ने एकदूसरे को इसके लिए बधाई दी है। डीएम शुभ्रांत शुक्ला ने बताया कि यह सभी की कामयाब कोशिश का ही नतीजा है। गर्मी के बावजूद लोग घरों से निकले और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि लोगों को बेखौफ होकर वोट डालने की अपील की गई थी। कहीं कोई खुराफात न करे, इसके लिए काफी समय से कार्रवाई का अभियान चलाया जा रहा था। सभी की कोशिश से अच्छा नतीजा आया है।
दिन चढ़ने के साथ ही बढ़ता गया मतदान का ग्राफ
-सुबह नौ बजे तक 11.64 प्रतिशत मतदान हुआ
इसमें कन्नौज में 11.97, छिबरामऊ में 11.50 और गुरसहायगंज नगर पालिका में 12.10 प्रतिशत मतदान हुआ। तिर्वा में 12.25, सिकंदरपुर में 11, समधन में 09.05, सौरिख में 12.25 और तालग्राम में 12.17 फीसदी वोट पड़ा।
-सुबह 11 बजे तक 24.42 प्रतिशत मतदान हुआ
इसमें कन्नौज में 11.97, छिबरामऊ में 25 और गुरसहायगंज नगर पालिका में 23.66 प्रतिशत मतदान हुआ। तिर्वा में 25.05, सिकंदरपुर में 18.20, समधन में 25.75, सौरिख में 27.58 और तालग्राम में 25.71 फीसदी वोट पड़ा।
-दोपहर एक बजे तक 38.96 प्रतिशत मतदान हुआ
इसमें कन्नौज में 34.50, छिबरामऊ में 36.15 और गुरसहायगंज नगर पालिका में 40.80 प्रतिशत मतदान हुआ। तिर्वा में 51.08, सिकंदरपुर में 38.40, समधन में 35.79, सौरिख में 42.41 और तालग्राम में 41.22 फीसदी वोट पड़ा।
-दोपहर तीन बजे तक 52.85 प्रतिशत मतदान हुआ
इसमें कन्नौज में 45.87, छिबरामऊ में 50.67 और गुरसहायगंज नगर पालिका में 51.30 प्रतिशत मतदान हुआ। तिर्वा में 54.85, सिकंदरपुर में 54.60, समधन में 58, सौरिख में 61.17 और तालग्राम में 55.67 फीसदी वोट पड़ा।
-शाम पांच बजे तक 62.18 प्रतिशत वाट पड़ा
इसमें कन्नौज में 56, छिबरामऊ में 54.83 और गुरसहायगंज नगर पालिका में 59.75 प्रतिशत मतदान हुआ। तिर्वा में 60.01, सिकंदरपुर में 66.80, समधन में 71.45, सौरिख में 70.82 और तालग्राम में 68.31 फीसदी वोट पड़ा।
-शाम छह बजे मतदान खत्म होने तक
इसमें कन्नौज में 60.29, छिबरामऊ में 61.31 और गुरसहायगंज नगर पालिका में 60.88 प्रतिशत मतदान हुआ। तिर्वा में 70.12, सिकंदरपुर में 72.40, समधन में 75.54, सौरिख में 74.67 और तालग्राम में 73.73 फीसदी वोट पड़ा।